सड़क हादसे में किशोर सहित चार की मौत, एक घायल

सड़क हादसे में किशोर सहित चार की मौत, एक घायल


कप्तानगंज थाना क्षेत्र के खीरीडीहा मोड़ के पास बुधवार की शाम दो बाइकों की टक्कर में एक किशोर सहित तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके साथ ही एक अन्य घटना में सिधारी थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात बाइक डिवाइडर से टकराने से युवक की भी मौत हो गई।


कप्तानगंज संवाददाता के अनुसार स्थानीय कस्बा के केवटहिया निवासी 30 वर्षीय हरिकिशुन गांव के 32 वर्षीय जगदीश के साथ बाइक से महराजगंज गये थे। दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। वहीं, दूसरी बाइक से महराजगंज कस्बा निवासी 16 वर्षीय शिवम पुत्र जंगबहादुर यादव व मुड़ीरपुर गांव निवासी 18 वर्षीय सर्वेश यादव पुत्र केशव कप्तानगंज से घर लौट रहे थे। कप्तानगंज-महराजगंज मार्ग पर खीरीडीहा मोड़ के पास दोनों बाइको की आमने-सामने की टक्कर हो गई। मौके पर तीन लोगों की मौत हो गई। सर्वेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका मंडलीय अस्पताल में उपचार चल रहा है। शिवम माता-पिता का इकलौता पुत्र था, उसकी मौत से घर का चिराग बुझ गया। मौत की सूचना पर घर में कोहराम मचा गया। वहीं, कप्तानगंज के केवटहिया में एक साथ ही दो मौत से मातमी सन्नाटा पसर गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


बलरामपुर संवाददाता के अनुसार नगर कोतवाली क्षेत्र के राहुल नगर मड़या निवासी 22 वर्षीय अनिल निषाद पुत्र राम अवध मंगलवार को रिश्तेदारी में शाहगढ़ गया था। शाम को वह बाइक से घर लौट रहा था। सिधारी थाना क्षेत्र के तिवारीपुर के पास बाइक अनियंत्रित हो कर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। जिससे अनिल निषाद की मौके पर मौत हो गई। मृतक तीन भाई दो बहन में छोटा था। घटना के बाद से परिवार के लोगों को रो-रो कर बुरा हाल है।